जागरण समाचार प्रतिनिधि
देहरादून – श्री दरबार साहिब परिसर मे श्री झण्डे जी के आरोहण के साथ शुरू हुआ ऐतिहासिक महोत्सव इन दिनों पूरे यौवन पर है। देश-विदेश से आई संगतें अब श्री झण्डे जी आरोहण का साक्षी बनने के बाद लौटने हैं, अब देहरादून व आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं व संगतों का तांता श्री दरबार साहिब के दर्शनों के लिए बढ़ रहा है। श्रद्धालु बड़ी आस्था के साथ श्री झण्डे जी व दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं और मेले की रौनक को और भी बढ़ा रहे हैं।

8 मार्च को श्री झण्डे जी आरोहण के बाद पहला रविवार होने के कारण मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अवकाश का दिन होने से सुबह से ही दरबार साहिब परिसर और मेला स्थल पर चहल-पहल बनी रही। दरबार साहिब के दर्शनों के बाद श्रद्धालुओं ने मन्नतें मांगी।
दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन महंत देवेन्द्र दास महाराज ने श्रद्धालुओं को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया उन्होंने कहा कि श्री गुरु राम राय जी महाराज की कृपा से हर भक्त की झोली भरती है और उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

श्री झण्डे जी महोत्सव के अवसर पर लगा विशाल बाजार इन दिनों दूनवासियों से गुलजार है। मेले में दूर-दराज से आए व्यापारियों की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है। रंग-बिरंगी दुकानों, पारंपरिक सामान, खिलौनों, मिठाइयों और घरेलू वस्तुओं की खरीदारी करते हुए लोग मेले का भरपूर आनंद ले रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से मेला स्थल पर भीड़ उमड़ रही है
मेले में लगे विभिन्न झूले और मनोरंजन के साधन बच्चों व युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। झूलों की रौनक और बच्चों की खिलखिलाहट पूरे मेले के वातावरण को जीवंत बना रही है।
श्री दरबार साहिब स्थित पवित्र सरोवर की सुंदरता भी इन दिनों देखते ही बन रही है। आकर्षक विद्युत सज्जा और रोशनी से जगमगाता सरोवर रात के समय अद्भुत और मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रहा है। सरोवर के चारों ओर श्रद्धालु इस दिव्य आभा को निहारते नजर आ रहे हैं। श्रद्धालु दर्शन के साथ-साथ मेले की चहल-पहल और बाजार की रौनक का आनंद लेते हुए दिखाई देते हैं। आस्था, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सजा यह ऐतिहासिक मेला दूनवासियों और बाहर से आए आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
