जागरण समाचार प्रतिनिधि
झबरेड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने थाना झबरेड़ा का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना प्रांगण, कार्यालय, कर्मचारी बैरक और भोजनालय की स्वच्छता पर संतोष जताते हुए प्रभारी निरीक्षक को गर्मी से पूर्व पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने और कीटनाशकों के छिड़काव के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने थाना निरीक्षण के दौरान नवनिर्मित आदर्श भोजनालय का उद्घाटन कर इसे जवानों को समर्पित किया। एसएसपी ने कार्यालय के अभिलेखों, रजिस्टरों और सीसीटीएनएस प्रोजेक्ट की बारीकी से जांच करते हुए लंबित मुकदमा और माल मुकदमाती के त्वरित निस्तारण के साथ-साथ लावारिस वाहनों की नीलामी हेतु पत्राचार करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों से अस्लाह खुलवाकर उनके कौशल को भी परखा और सैनिक सम्मेलन के माध्यम से पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण का आश्वासन दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आगामी यात्रा सीजन, कांवड़ मेले और आने वाले कुंभ मेले व विधानसभा चुनावों की चुनौतियों हेतु पुलिस की पूर्ण तैयारी की बात कही। इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी, मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, झबरेड़ा थाना प्रभारी अजय शाह, उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह, उपनिरीक्षक जयसिंह राणा, चौकी प्रभारी लखनौता रोहित कुमार, चौकी प्रभारी इकबालपुर योगेश कुमार, मनोज कुमार, गिरीश, प्रमोद कुमार, रामवीर सिंह, मुकेश तोमर, रणवीर सिंह, नीरज, सिपाही सुनील कुमार, बसंत कुमार, गजेन्द्र आदि मौजूद रहे।
