जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। सौतेली बच्चे की हत्या करने वाले पांच हजार रुपए के इनामी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिता उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर क्षेत्र का रहने वाला है। 17 फरवरी को लंढौरा क्षेत्र के भट्टे पर काम करने वाले व्यक्ति ने मासूम बच्चे की हत्या की थी।
कस्बा लंढौरा क्षेत्र के एक भट्टे पर कार्यरत महिला ने 26 फरवरी को मंगलौर पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसके पहले पति से डेढ़ साल का बच्चा है अब वह अपने दूसरे पति फैजान के साथ भट्टे पर रह रही है। 17 फरवरी को फैजान अपने साथी के साथ उसके डेढ़ वर्षीय बच्चे को साथ लेकर दुकान पर गया था जब वह बच्चे को वापस लेकर घर पहुंचा तब बच्चे की मृत्यु हो चुकी थी उसने पुलिस को तहरीर में फैजान पर बच्चों की हत्या करने का शक जाहिर करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। बच्चे की हत्या से जुड़े जघन्य मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा नामजद आरोपी पर पांच हजार रूपये का इनाम घोषित करते हुए घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह और वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज गैरोला द्वारा नामजद आरोपी की तलाश जा रही थी। शुक्रवार की सुबह मंगलौर पुलिस ने बच्चों की हत्या करने के पांच हजार रूपये के इनामी आरोपी सौतेले पिता फैजान निवासी ग्राम मुजेड़ा थाना मीरापुर जिला मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी फैजान ने बताया कि उस के महिला से साथ प्रेम संबंध थे। पति की मौत होने पर उससे शादी कर ली थीं । शादी के कुछ वक्त बाद दोनों के बीच छोटी-मोटी बातों को लेकर लगातार झगड़े होने लगे तथा पूर्व पति से जन्मे बच्चे की खाने पीने की व्यवस्था करने की वजह से वह काफी परेशान था। घटना वाले दिन सौतेले बेटे के रोने व चुप कराने का प्रयास करने पर भी चुप न होने पर उस ने गुस्से में आकर पहले तो बच्चे पर चांटे मारे लेकिन बच्चे के और ज्यादा रोने पर बच्चे की छाती पर लात मार दी और उसे जान से मार दिया। और फरार हो गया था। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया है।
