जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। उत्तराखंड सरकार के कार्यकाल के 4 वर्ष सफलतापूर्वक पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘जन-जन की सरकार-4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने सरकार के संकल्प और विकास यात्रा का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा।

मंगलवार को नारसन ब्लॉक में जन-जन की सरकार 4 साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि पिछले 4 वर्षों में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, और शिक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। बत्रा ने कहा धामी सरकार ने अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने का काम किया है। कैबिनेट मंत्री ने विशेष रूप से सरकार द्वारा जनहित में बनाए गए कड़े कानूनों और भ्रष्टाचार और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने के लिए बनाए गए कड़े कानूनों की जानकारी दी। तथा प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए उठाए गए विधायी कदमों की चर्चा की। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लागू की गई विशेष योजनाओं का विवरण साझा किया। कैबिनेट मंत्री बत्रा ने कहा कि यह 4 साल केवल आंकड़ों के नहीं, बल्कि जनता के भरोसे और सेवा के हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को आश्वासन दिया कि आने वाले समय में उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार और भी तेजी से कार्य करेगी। विनोद मिश्रा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख कोमल देवी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कविंद्र चौधरी, मंगलौर मंडल अध्यक्ष शोभित गुप्ता, जमीर हसन अंसारी, अनीश गोड, आदित्य रोड, सुशील त्यागी, ग्राम ठसका की पूर्व प्रधान रेखा रानी के अलावा राकेश गिरी, खंड विकास अधिकारी सुभाष सैनी, एएसडीएम अनिल मिश्रा, एम एस रावत, चंद्रशेखर भट्ट, मनोज त्यागी, राजकुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।
