लिब्बरहेड़ी चीनी मिल ने दिया नोटिस 18 मार्च तक ही चलेगा पेराई सत्र
जागरण समाचार प्रतिनिधि
लिब्बरहेड़ी चीनी मिल 18 मार्च को बंद हो जाएगी। मिल प्रबंधन की ओर से अंतिम नोटिस जारी कर दिया है। मिल प्रबंधन ने किसानों से अनुरोध किया है कि वह 18 मार्च तक गन्ने की आपूर्ति कर लें। मिल इस बार करीब एक माह पहले बंद हो रही है।
लिब्बरहेड़ी चीनी मिल लंबे समय से गन्ने की कमी से जूझ रही है। अब तो गन्ने की कमी में चीनी मिल 18 से 20 घंटे बंद हो रही है। मिल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में नोटिस जारी कर दिया है। चीनी मिल के महाप्रबंधक गन्ना अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अंतिम नोटिस जारी कर दिया है। 18 मार्च तक ही चीनी मिल चलेगी। किसानों को पर्चियां पहले ही भेजी जा चुकी है। किसानों को चाहिए कि वह इन दिनों में गन्ने की आपूर्ति कर लें। इसके अलावा किसानों को चाहिए कि वह गन्ने की 0238 प्रजाति की बुआई ना करें। किसानों को चाहिए कि वह उन्नत प्रजाति की बुआई करें। गन्ने का क्षेत्रफल बढ़ाने का काम करें, ताकि चीनी मिल को पर्याप्त मात्रा में गन्ने की आपूर्ति होती रहे। इस बार चीनी मिल ने पिछले साल की तुलना में करीब 20 लाख क्विंटल गन्ने की कम पेराई की है। वहीं करीब एक माह पहले चीनी मिल बंद हो रही है। मिल को इस बार प्रर्याप्त मात्रा में गन्ना नहीं मिलने से भी दिक्कत हुई। मिल प्रशासन की ओर से कई बार किसानों से भी आग्रह किया गया था। लेकिन उसके बाद भी मिल को खास फायदा नहीं मिल पाया।
