जागरण समाचार प्रतिनिधि
बेहट(सहारनपुर)। देश के अमर शहीदों की स्मृति में आयोजित होने वाले ‘बलिदान दिवस’ के अवसर पर इस वर्ष भी एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 24 मार्च मंगलवार को क्षेत्र के ‘रक्तवीर’ एकजुट होकर मानवता की सेवा का संकल्प लेंगे।
आयोजकों के अनुसार, यह शिविर हर वर्ष की भांति इस बार भी भव्य स्तर पर आयोजित होगा। क्षेत्र के युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की गई है।
रक्तदान शिविर सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक राजदेव धर्मशाला, माता शाकम्भरी देवी रोड जनता इंटर कॉलेज के बराबर में आयोजित होगा।
आयोजन समिति ने सोशल मीडिया के माध्यम से सभी सहयोगियों और रक्तदाताओं से निवेदन किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

”शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि देने का इससे बेहतर माध्यम और क्या हो सकता है कि हमारा रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सके।” — डाॅ. मनीष सैनी
