जागरण समाचार
रिपोर्ट- खुर्शीद आलम
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक बड़ी मुठभेड़ में एक लाख का इनामी हिस्ट्रीशीटर और कुख्यात गौ-तस्कर मारा गया है। मारे गए बदमाश की पहचान शहजाद के रूप में हुई है, अपने एक अन्य साथी के साथ उत्तराखंड के विकासनगर से वापस आ रहा था।
पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि वांछित हिस्ट्रीशीटर शहजाद किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए उत्तराखंड की ओर से आ रहा है। सूचना मिलते ही मिर्जापुर और फतेहपुर पुलिस की टीमों ने घेराबंदी शुरू कर दी। बुधवार शाम करीब 5:00 बजे, बादशाही बाग चौकी प्रभारी सचिन त्यागी ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली मिर्जापुर कोतवाली प्रभारी सूबे सिंह और बादशाहीबाग चौकी प्रभारी सचिन त्यागी की बुलेट प्रूफ जैकेट में भी लगी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शहजाद गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घायल शहजाद को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहट ले जाया गया, जहाँ से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शहजाद एक पेशेवर और शातिर अपराधी था। उसके खिलाफ कुल 44 मुकदमे दर्ज थे। वह हाल के चार मामलों में वांछित चल रहा था और उस पर एक लाख का इनाम घोषित था। इस मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी अभिषेक सिंह, एसएसपी अभिनंदन और एसपी देहात सागर जैन जिला अस्पताल पहुंचे, जहाँ उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
”पुलिस को बदमाश के उत्तराखंड से आने की सूचना मिली थी। जवाबी कार्रवाई में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर हुआ है, जबकि घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है।”
— अभिनंदन, एसएसपी
