बलिदान दिवस पर रक्तवीरों ने दी श्रद्धांजलि
84 यूनिट रक्तदान कर रचा इतिहास
जागरण समाचार प्रतिनिधि
बेहट (सहारनपुर)। अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान दिवस के अवसर पर तहसील बेहट में सेवा और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘फैमिली ऑफ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट’ द्वारा आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने भारी उत्साह दिखाते हुए 84 यूनिट रक्तदान किया।
शहीदों की स्मृति में ‘जीवनदान’ का संकल्प

शिविर का संयोजन ट्रस्ट के संयुक्त सचिव (संगठन विंग) डाॅ. मनीष कुमार सैनी द्वारा किया गया। आयोजन में ‘भगत सिंह प्रेरणा कल्याणकारी संस्था’ का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ व्यापारी सुरक्षा फोरम के महानगर महामंत्री प्रदीप शर्मा ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्त का दान ही सबसे बड़ा मानव धर्म है।
समाज सेवा ही सच्ची श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर पंकज कुमार पांचाल अध्यक्ष, संगठन विंग ने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी है जब हम समाज के काम आएं। रक्तदान से हम किसी को जीवनदान देकर उनके आदर्शों को जीवित रख सकते हैं। विनीत रामपाल अध्यक्ष, मेडिकल सपोर्ट विंग ने कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित है और यह स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान करता है। रमन भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि बलिदान दिवस पर ऐसा आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाएगा।डॉ. नरेन्द्र धीमान ने कहा कि रक्तदान का कोई विकल्प नहीं है। हर स्वस्थ व्यक्ति को नियमित अंतराल पर रक्तदान करना चाहिए।
उत्साह ऐसा कि कम पड़ गए मानक
शिविर में देशभक्ति का जज्बा इस कदर था कि कुल 84 यूनिट रक्त संग्रह हुआ, जबकि 25 से अधिक इच्छुक रक्तदाता स्वास्थ्य मानकों की वजह से रक्तदान नहीं कर सके। उन्हें ट्रस्ट द्वारा भविष्य में रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। पूरा आयोजन चिकित्सीय मानकों और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
रिपोर्ट- खुर्शीद आलम
