रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। पिछले कई दिनों से गांव के तालाब में मगरमच्छ की मौजूदगी से ग्रामीणों में बना दहशत का माहौल आखिरकार समाप्त हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर वन विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया गया है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम थीथकी कवादपुर गांव स्थित तालाब में पिछले कुछ दिनों से एक बड़ा मगरमच्छ दिखाई दे रहा था जिससे ग्रामीण और खासकर बच्चे काफी भयभीत थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला सहकारी मत्स्य विकास एवं वितरण फेडरेशन के अध्यक्ष नेपाल सिंह कश्यप ने संज्ञान लिया। उन्होंने तालाब के पट्टाधारक जयपाल सिंह से वार्ता की। इसके बाद तालाब में पंप चलाकर जल का स्तर कम कराया गया और मगरमच्छ को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया। कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार मगरमच्छ को सुरक्षित काबू कर लिया गया। मगरमच्छ के पकड़े जाने की सूचना जैसे ही ग्रामीणों को मिली वैसे हीं उसे देखने के लिए बच्चों और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर उमड़ पड़ी। वन विभाग द्वारा भेजी गई विशेष रेडी में मगरमच्छ को रखकर फॉरेस्ट विभाग टीम को सौंप दिया गया मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
