रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए एपिस इंडिया लिमिटेड ने एक सराहनीय कदम उठाया है। कंपनी की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मंगलौर को मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त मात्रा में एंटी-रेबीज इंजेक्शन नि:शुल्क उपलब्ध कराए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के जरूरतमंद और गरीब मरीजों को समय पर आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराना है। ताकि रेबीज जैसी घातक बीमारी से बचाव हो सके। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर गुलबहार ने कंपनी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल में अक्सर कुत्ते के काटने से पीड़ित मरीज पहुंचते हैं जिन्हें तत्काल एंटी-रेबीज टीके की सख्त आवश्यकता होती है। समय पर दवा की उपलब्धता न होने से मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। एपिस इंडिया द्वारा उपलब्ध कराए गए ये इंजेक्शन जरूरतमंद मरीजों के लिएजीवनरक्षक साबित होंगे।एपिस इंडिया लिमिटेड कंपनी मैनेजर राहुल दत्त शर्मा ने कहा कि कंपनी व्यावसायिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाना और लोगों तक मदद पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। भविष्य में भी कंपनी इस तरह के स्वास्थ्य एवं समाज सेवा से जुड़े कार्यों में अपना निरंतर सहयोग देती रहेगी। इस अवसर पर कंपनी की ओर से मुख्य रूप से अंजू त्यागी, प्रवीण शर्मा, अस्पताल की ओर से विपिन कुमार सहित स्टाफ उपस्थित रहे।
