रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
झबरेड़ा। झबरेड़ा क्षेत्र मे लखनोता-देवबंद मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। देवबंद की ओर जा रही एक ट्रैक्टर ट्राली और बाइक की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक देवबंद की ओर से आ रहे थे, तभी लखनोता चौकी के पास उनकी टक्कर ट्रैक्टर-ट्राली से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भगवानपुर के ग्राम रूहालकी निवासी शुभम 20 वर्ष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अन्य दोनों घायलों को तुरंत रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया। वहां उपचार के दौरान रूहालकी निवासी भोलू 21 वर्ष की भी मौत हो गई। तीसरे युवक आदित्य निवासी जैनपुर, लंढौरा का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है।
