रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। ग्राम लिब्बरहेड़ी में खेत में राजबाहे की नाली से पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान एक पक्ष द्वारा तमंचे से फायरिंग किए जाने की खबर है। गोली लगने से एक युवक के घायल होने की चर्चा से गांव में सनसनी फैल गई। घायल युवक को उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां सर्जन न होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि युवक को गोली लगी है या नहीं, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस को मामले में तहरीर का इंतजार है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह लिब्बरहेड़ी गांव में राजबाहे की नाली से खेतों में पानी लगाने को लेकर दो पक्षों के किसान आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। ग्रामीणों के मुताबिक इसी बीच एक पक्ष के युवक ने जेब से तमंचा निकालकर फायर झोंक दिया। चर्चा है कि गोली दूसरे पक्ष के एक युवक मोहित उर्फ मोंटी के हाथ को छूती हुई निकल गई, जिससे वह लहूलुहान हो गया।फायरिंग की आवाज से खेत में काम कर रहे अन्य किसानों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में परिजन घायल युवक को रुड़की के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन अस्पताल में सर्जन मौजूद न होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया। युवक के हाथ में गोली दूसरे पक्ष की ओर से तमंचे चलने से लगी या उसके स्वयं के तमंचे से उसे चोट लगी है इसे लेकर अभी संदेह बना हुआ है। ग्रामीणों के बीच भी इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। मामले की जांच की जा रही है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
