रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। शेयर बाजार में हर महीने 16 प्रतिशत भारी-भरकम मुनाफा कमाने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर अब मामला न्यायालय पहुंच गया है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंगलौर क्षेत्र के ग्राम बिझोली निवासी परवेज आलम ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि मुजफ्फरनगर के ग्राम खेडकी थाना पुरकाजी निवासी अमित कुमार गौतम और उसकी पत्नी वंदना से उसकी पहचान थी। अमित ने खुद को मैसर्स सेनेमी कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी सराय रोड, ज्वालापुर हरिद्वार का कर्ताधर्ता बताते हुए दावा किया कि उनकी कंपनी लोगों का पैसा शेयर मार्केट में निवेश कराकर प्रति माह 16% का रिटर्न देती है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों के झांसे में आकर उसने, और उसके साथियों उस्मान और वरीस ने निवेश शुरू किया। पीड़ित ने 8 नवंबर 2023 से मार्च 2025 के बीच नकद और बैंक खातों के माध्यम से कुल 17,40,125 रुपये आरोपियों को दे दिए।पीड़ित ने रिश्तेदारों से कर्ज लेकर और पत्नी के जेवर बेचकर रकम जुटाई थी। आरोपी सेनेमी मोबाइल ऐप पर फर्जी तरीके से 50 लाख रुपए से अधिक का मुनाफा दिखाते रहे जिससे पीड़ित को भरोसा रहे। जब पीड़ित ने अपने मूल पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और पैसे जमा करने का दबाव बनाया। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने पीड़ित को गाली-गलौज की और बदमाशों से अगवा करवाकर गायब कराने की धमकी दी। बाद में पता चला कि आरोपी अपना परिवार समेत फरार हो चुका है। पीड़ित के अनुसार आरोपी अमित कुमार गौतम के खिलाफ मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाने व सिविल लाइंस थाने और मंगलौर थाने में धोखाधड़ी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। पीड़ित का कहना है कि उसने मंगलौर कोतवाली पर तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने का प्रयास किया था परंतु पुलिस ने उनका मदद नहीं किया जिस कारण उन्हें कोर्ट की शरण में नहीं पड़ी। पुलिस ने अब कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
