रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: सावन की कांवड़ यात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में अज्ञात वाहनों की चपेट में आने से दो कांवड़ियों की दर्दनाक मौत हो गई।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक मृतक की शिनाख्त हो गई है, जबकि दूसरे की पहचान के प्रयास जारी हैं। पहली दुर्घटना मंगलौर कोतवाली के अंतर्गत आने वाली गुरुकुल नारसन पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई। शनिवार देर रात शिव मंदिर के पास सड़क पार कर रहे एक कांवड़िये को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल कांवड़िये ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के कांवड़ शिविरों और अन्य जिलों की पुलिस से संपर्क कर पहचान जुटाने में लगी है। वहीं दूसरा हादसा रविवार सुबह ग्राम लिब्बरहेड़ी के समीप घटित हुआ। यहां भी सड़क किनारे से गुजर रहे एक कांवड़िये को किसी अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लहुलुहान हालत में कांवड़िये को अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मांगा उम्र 45 वर्ष निवासी बड़ौत, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। पुलिस दोनों मामलों में अज्ञात वाहनों और उनके चालकों की तलाश में जुट गई है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
