रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। नारसन क्षेत्र के हरजौली गांव में शनिवार को राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक तकनीक और बाजार की मांग के अनुरूप खेती करने का आह्वान किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जयंत सिंह ने कहा कि चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजीत सिंह ने सदैव किसान व मजदूरों को सशक्त बनाने के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा आज खेती का आधुनिकीकरण हो रहा है। किसानों को अब गेहूं, धान और गन्ना के पारंपरिक चक्र से निकलकर बागवानी, हॉर्टिकल्चर और ऑर्गेनिक सब्जियों की खेती पर ध्यान देना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि दिल्ली जैसे महानगरों में ऑर्गेनिक उत्पादों की भारी मांग है और बेहतर सड़कों के जाल के कारण अब दिल्ली दूर नहीं है। किसान सीधे मार्केट से जुड़कर अपनी फसल का उचित दाम प्राप्त कर सकते हैं।कौशल विकास पर चर्चा करते हुए जयंत सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं और मजदूरों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यूरोपीय देशों के साथ हुए हालिया समझौतों से भारतीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। विकसित देशों के साथ हुए करार के तहत अगले 15 वर्षों में भारत में 100 बिलियन यूएस डॉलर का निवेश होगा। इस निवेश से देश में लगभग 10 लाख नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि दुनिया भारत के अनुशासित और शिक्षित युवाओं की प्रतिभा का लोहा मान रही है। भारत सरकार का लक्ष्य युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें वैश्विक पटल पर स्थापित करना है।
प्रतिमा अनावरण में उमड़ा जनसैलाब
इससे पूर्व, केंद्रीय मंत्री ने हरजौली गांव में बाबा साहब चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का विधि-विधान से अनावरण किया। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम मे कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, सांसद चंदन सिंह चौहान, राजपाल सिंह, प्रसून चौधरी, सुधीर कुमार, हरेंद्र सिंह मोंटी, तेजपाल सिंह, सत्येंद्र सिंह, महावीर सिंह, कृष्णपाल सिंह, कुलदीप, अमरदीप, हरपाल सिंह, सत्यपाल सिंह, चंद्रपाल सिंह सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
