रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली के सामने एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। हरियाणा रोडवेज की एक बस ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। ट्रॉली में बैठी महिलाएं पुरुष ट्रैक्टर ट्राली पलटने से घायल हो गए।

रविवार की सुबह मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निजामपुर निवासी कुछ महिलाएं और पुरुष ट्रैक्टर ट्राली में बैठकर भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम फरकपुर में आयोजित एक तेहरवीं कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। जब इनकी ट्रैक्टर ट्रॉली कोतवाली के सामने पहुंची तभी पीछे से आ रही उपलो से भरी ट्रैक्टर ट्राली चालक ने इनकी ट्रैक्टर ट्राली को ओवरटेक कर आगे निकलने का प्रयास किया तभी पीछे से आ रही हरियाणा रोडवेज बस के चालक ने उपलो से भरी ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी जिससे ट्रैक्टर ट्राली का चालक अपना संतुलन खो बैठा और उसने बराबर में चल रही महिलाओं और पुरुषों से भरी ट्रैक्टर ट्राली में साइड मार दी जिससे दोनों ट्रैक्टर ट्राली सड़क पर पलट गई। ट्रैक्टर ट्राली के पलटने से उसमें बैठी महिलाएं और पुरुष सड़क पर गिर गए अचानक से चीख पुकार सुनकर कोतवाली में मौजूद पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल मुन्नी (60), बेबी (62),सरोज (60),रविता (50), शिवानी (55), शकुंतला (70), माया (60), सरोज (60), रेखा (50), बबीता (50), कंवरपाल (60), ऋषिपाल (55) निवासीगण निजामपुर को एंबुलेंस की मदद से रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान हाइवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है तहरीर आने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सभी घायलों की स्थिति ठीक है।
