रिपोर्ट-जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर।ऑल इंडिया आर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर मंगलौर मेडिकल एसोसिएशन के बैनर तले दवा विक्रेताओं ने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में प्रतिष्ठान बंद रखे। और शिव चौक पर पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। बुधवार को नगर और आसपास के क्षेत्रों में दवा की दुकानें पूरी तरह बंद रहने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं और दवा खरीदने पहुंचे मरीजों व उनके तीमारदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एसोसिएशन के फैसले के तहत सुबह से ही नगर की मुख्य बाजार और अस्पतालों के समीप स्थित मेडिकल स्टोर पर ताले लटके नजर आए। रोजाना की तरह जो मरीज सुबह दवाइयां खरीदने पहुंचे उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। आवश्यक दवाओं के लिए लोग एक दुकान से दूसरी दुकान के चक्कर काटते देखे गए। मरीजों के परिजनों को दवाओं के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन गोयल ने कहा कि संगठन की मांगें पूरी तरह न्यायसंगत हैं। सरकार की कुछ नीतियों के विरोध और दवा व्यवसायियों के हितों की रक्षा के लिए यह कदम उठाना बेहद जरूरी हो गया था। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन दवा की बिक्री को पूरी तरह से बंद किया जाए इसके अलावा कॉरपोरेटस द्वारा भारी डिस्काउंट को भी बंद किया जाना जरूरी है। संगठन के कोषाध्यक्ष शकील अहमद ने कहा कि नियम कॉविड जी एस आर -220- दिनांक 26 मार्च 2020 को वापस लिया जाए। उन्होंने दावा किया कि बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण और सफल रहा है जिसमें सभी छोटे-बड़े दवा विक्रेताओं ने स्वेच्छा से अपना समर्थन दिया है इस अवसर पर नवीन गोयल, नितिन गर्ग, मो० मोईन, शकील अहमद, सतीश अग्रवाल, रईस राव, डा० इरफान, रविन्द्र शर्मा, शाह फैसल, फरमान अली आदि मौजूद रहे।
