रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में युवती को शादी का झांसा देकर तीन साल तक शारीरिक शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है आरोप है कि जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी और उसके स्वजनों ने उसे घर बुलाकर बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक उसके माता-पिता, बहन और बुआ के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को दी गई तहरीर में मलकपुरा निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनका सगा भाई अक्सर काम के सिलसिले में पंजाब रहता है। भाई के बेटे भी बाहर ही नौकरी करते हैं, जिसके कारण घर पर उनकी भाभी और 24 वर्षीय भतीजी ही रहती हैं। रहमानी घासमंडी के पास ब्यूटी पार्लर चलाती है। आरोप है कि मोहल्ला मिर्धगान निवासी ताबिश का उनके घर आना-जाना था। ताबिश ने युवती को शादी का झांसा दिया और पिछले तीन साल से लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता आ रहा था। जब भी युवती शादी के लिए कहती तो आरोपी कुछ समय की बात कहकर टालमटोल कर देता था तहरीर के अनुसार आरोपी ताबिश के माता-पिता भी युवती को जल्द शादी करने का झांसा देकर अपने बेटे का साथ दे रहे थे। बीते 23 मई को जब युवती ने शादी के लिए दोबारा दबाव बनाया तो ताबिश ने फोन करके उसे अपने घर बुलाया। आरोप है कि दोपहर के समय जब युवती ताबिश के घर पहुंची, तो वहां ताबिश उसके पिता कबीर खान, मां, बहन और बुआ ने मिलकर उसे गंदी-गंदी गालियां दीं। विरोध करने पर सभी ने मिलकर युवती के साथ बुरी तरह मारपीट की। आरोपियों ने साफ कह दिया कि वे ताबिश की शादी उससे नहीं करेंगे। साथ ही शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर उसे घर से भगा दिया। घटना के बाद पीड़िता के स्वजनों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी ताबिश सहित उसके परिजनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है मुख्य ताबिश आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
