रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव से नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और घर में रखी नकदी और सोने के कुंडल भी समेट ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी साढे़ पन्द्रह वर्षीय नाबालिग पुत्री को गांव का ही रहने वाला प्रिंस बहला-फुसलाकर घर से भगा ले गया है। पीड़ित के मुताबिक, मंगलवार को जब परिवार के सभी सदस्य रोजाना की तरह मजदूरी के लिए घर से बाहर गए हुए थे, इसी बीच आरोपी मौका पाकर उनकी बेटी को अपने साथ भगा ले गया। पीड़ित पिता का आरोप है कि आरोपी प्रिंस न सिर्फ उनकी बेटी को भगा ले गया, बल्कि घर में रखे 32 हजार रुपये नगद और उसकी पत्नी के सोने के कुंडल भी अपने साथ चोरी कर ले गया है। तहरीर में बताया गया है कि आरोपी युवक काफी समय से उनकी नाबालिग बेटी को परेशान कर रहा था और आए दिन उनके घर के चक्कर काटता रहता था। परिजनों ने उसे कई बार समझाने का प्रयास भी किया लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
