रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मन्नाखेड़ी में जमीनी रंजिश के चलते दबंगों ने एक मूक-बधिर व्यक्ति और उसके परिवार पर तलवार व लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दो सगे भाइयों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पीड़ितों की जान बचाई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंगलौर कोतवाली के ग्राम मन्नाखेड़ी निवासी अतुल कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके चाचा दुष्यंत मूक बधिर हैं। आरोप है कि क्षेत्र के ग्राम ब्रह्मपुर जट निवासी मेघार्थी मलिक और ग्राम मन्ना खेड़ी निवासी हरेंद्र कुमार ने साठगांठ कर जालसाजी की। उन्होंने बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के मूक-बधिर दुष्यंत की जमीन का दान पत्र सुभाष नामक व्यक्ति के नाम करा दिया। इस धोखाधड़ी के खिलाफ पीड़ित पक्ष की ओर से सिविल कोर्ट रुड़की में एक वाद वर्तमान में विचाराधीन है। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष रंजिश रख रहा था। 29 अप्रैल को सुबह करीब सवा नौ बजे अतुल कुमार, उसकी माता मुकेश, मूक-बधिर चाचा दुष्यंत और दूसरे चाचा सोहनवीर लहबोली गांव के पास स्थित अपने खेत में पानी चला रहे थे और चारा काट रहे थे। इसी दौरान आरोपी मेघार्थी मलिक और हरेंद्र कुमार एक स्कॉर्पियो गाड़ी और एक ट्रैक्टर के साथ वहां पहुंचे। उनके साथ करीब 10 अज्ञात हमलावर भी थे।आरोपियों ने आते ही उनके साथ गाली गलौज करते हुए करीब तलवार, लाठी और डंडों से पूरे परिवार पर एक राय होकर हमला बोल दिया हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से मूक-बधिर दुष्यंत और सोहनवीर के सिर पर तलवार से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे दोनों लूलहान होकर वहीं गिर पड़े। बीच-बचाव करने आई अतुल की मां मुकेश और उसे भी लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। शोर-शराबा सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख हमलावर आइंदा मौका मिलने पर जान से मारने की धमकी देते हुए वाहनों समेत फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
