रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बसवाखेड़ी में आपसी विवाद को लेकर दबंगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिलाओं समेत परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र केग्राम बसवाखेड़ी निवासी जोनेश कुमार ने तहरीर देकर बताया कि रविवार 31 मई की शाम करीब 6:40 बजे गांव के ही कुछ दबंगों ने उनके घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ गाली-गलौज व मारपीट की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उसके और उसके पिता सतबीर सिंह के सिर पर ईंट व डंडों से जोरदार प्रहार किया जिससे वे लहूलुहान हो गए। इसी बीच पीड़ित के ताऊ का लड़का जो रविवार को ही अपनी ड्यूटी से घर लौटा था दबंगों ने उस पर भी ईंट-डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने पीड़ित के घर पर ईंट-पत्थर भी बरसाए जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित जोनेश कुमार ने कोतवाली में गांव के ही अरुण कुमार, नीटू, वंश, उदिल, चुन्नी लाल, अजय, रितेश, शेखर, विशाल, विनय, शुभम, अंकित, जतीन, महेंद्र, दीपक, नीरज, विकास और इमरतवती आदि को नामजद करते हुए तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
