रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। क्षेत्र के ताशीपुर गांव में शुक्रवार की शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। हमलावरों ने एक परिवार पर लाठी-डंडे, सरिए और फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक ही पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों के बीच-बचाव करने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलौर कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में ताशीपुर निवासी पीड़ित विनोद कुमार ने बताया कि 5 जून की शाम करीब सवा सात बजे वह अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान गांव के ही विकास, संदीप, आकाश और राहुल लाठी, डंडे, लोहे के सरिए और फावड़ा लेकर वहां पहुंचे। आरोप है कि उक्त लोगों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर जानलेवा हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक आस-पास के लोग मौके पर पहुंचते तब तक हमलावरों ने बेरहमी से पीट-पीटकर रूपचंद, मोहन, विनोद और कर्मवीर को लहुलूहान कर दिया। शोर शराबा सुनकर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर पीड़ितों की जान बचाई। पीड़ित का आरोप है कि ग्रामीणों को आता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग निकले कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
