रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। नाली के मामूली विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया जब कुछ कुछ लोगों द्वारा एक घर में घुसकर मारपीट की गई । घर में अकेली युवती को पाकर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। बाल पकड़कर घसीटा और उसके कपड़े तक फाड़ दिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ भी की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली मंगलोर क्षेत्र के ग्राम लिब्बरहेड़ी निवासी शहजाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 5 जून की सुबह करीब 9:30 बजे नाली के विवाद को लेकर गांव के ही कुछ लोग रंजिश पाले हुए थे। पीड़ित के मुताबिक जब वह घर पर नहीं था और उसकी बेटी घर में अकेली थी तभी गांव के कालू, सेशब और सादि अपने कुछ अन्य साथियों के साथ हाथों में लाठी-डंडे लेकर जबरन उसके घर में घुस आए। आरोप है कि घर में घुसते ही उक्त लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। दबंगई की हदें पार करते हुए आरोपियों ने युवती के बाल पकड़कर उसे जमीन पर घसीटा और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। शोर-शराबा होने पर आरोपियों ने घर के सामान में जमकर तोड़फोड़ भी की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे मोहल्ले के ग्रामीणों ने बामुश्किल युवती को उनके चंगुल से छुड़ाया। ग्रामीणों को एकत्र होता देख आरोपी जाते-जाते पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। मंगलौर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
