रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। ग्राम लिब्बरहेड़ी रोड स्थित नगर पालिका परिषद के ट्रंचिंग ग्राउंड (कूड़ा निस्तारण स्थल) पर देर रात अज्ञात बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों रुपये का कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरी की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के संबंध में पालिका के जेसीबी चालक ने पुलिस में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंगलौर पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार नगर पालिका परिषद मंगलौर ने लिब्बरहेड़ी रोड पर किराए की जमीन लेकर ट्रंचिंग ग्राउंड बनाया हुआ है। यहाँ पालिका की गाड़ियाँ और कूड़ा निस्तारण से जुड़ी मशीनें खड़ी रहती हैं। ट्रंचिंग ग्राउंड में तैनात जेसीबी ऑपरेटर रिजवान ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह जब तीन जून की सुबह अपनी ड्यूटी पर पहुंचा तो उसे वहां सामान बिखरा हुआ पड़ा था संदेह होने पर जब जांच पड़ताल की गई तब वहां से काफी सामान गायब मिला। ट्रंचिंग ग्राउंड में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो पता चला कि दो जून की रात करीब 02:40 बजे दो अज्ञात नकाबपोश चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने वहां खड़े वाहनों और मशीनों से कीमती कलपुर्जे और बैटरियां साफ कर दीं। चोर ट्रंचिंग ग्राउंड से ट्रैक्टर की दो बैटरी, जेसीबी की एक़ बैटरी, 3.5 एचपी की नौ मोटर, एक़-एक़ वेल्डिंग मशीन व हैंड ग्राइंडर, दो गियर बॉक्स व दो चैन की गरारी, एक़ बड़ा जैक चोरी कर अपने साथ ले गए हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है सीसीटीवी केमरे में कैद चोरों की तलाश की जा रही है।
