रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लिब्बरहेडी में जमानत पर छूटकर आते ही गांव में दहशत फैलाने, घर पर पथराव करने और जानलेवा फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुख्य आरोपी रेशब और उसके पिता शमशाद समेत 9 नामजद और कई अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ जानलेवा हमले और बलवे जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लिब्बरहेड़ी निवासी नईम अहमद ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि पांच जून को आरोपियों ने रेशब के साथ मिलकर पीड़ित के चचेरे भाई शहजाद के घर में घुसकर तोड़फोड़ और युवती से अभद्रता की थी। इस मामले मे पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए रेशब का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया था। रेशब को सात जून की शाम जमानत मिली थी। आरोप है कि जमानत पर छूटते ही रेशब ने शाम छ बजे अपने साथियों के साथ पीड़ित के घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने तमंचों और बंदूकों से कई राउंड फायर किए और भारी पथराव किया जिसमें मुकीम और आवेश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल का हायर सेंटर पर उपचार चल रहा है। फायरिंग और पथराव को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो पुलिस ने साक्ष्यों के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि रेशब, शमशाद, शादाब, मुन्ना, मुरस्लीन,अलाउद्दीन,कालू, दानिश, अख्तर निवासी गन ग्राम लिब्बरहेड़ी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फायरिंग करने वालों की तलाश की जा रही है।
