रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। पुलिस को अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दबोचा है। कड़ाई से पूछताछ करने पर पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की तीन अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कस्बा लंढौरा क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों को रोककर जब वाहन के कागज मांगे गए, तो वे टालमटोल करने लगे। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूला कि मोटरसाइकिल चोरी की है। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम विक्रांत उर्फ गोलू तथा वसीम निवासी का डबल फाटक मोहनपुरा रुड़की बताया। पुलिस द्वारा बरामद की गई कुल चार मोटरसाइकिलों की जांच करने पर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों के पास से बरामद मोटरसाइकिलों में एक मोटरसाइकिल देहरादून के क्लेमेंट टाउन खाना क्षेत्र से चोरी की गई थी जबकि एक मोटरसाइकिल रुड़की कोतवाली क्षेत्र की है जबकि एक मोटरसाइकिल के संबंध में कोई जानकारी नहीं हो पाई है चोर के पास बरामद मोटरसाइकिल लंढौरा से गुरुवार को की गई चोरी बताई गई है। कोतवाल के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों और क्षेत्र में हुई अन्य वाहन चोरियों के संबंध में भी इनसे पूछताछ की जा रही है।
