रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। ऊर्जा निगम द्वारा क्षेत्र में बिजली के बढ़ते लोड को कम करने और स्थानीय निवासियों को लो-वोल्टेज व आए दिन ट्रांसफार्मर जलने की समस्या से निजात दिलाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसी कड़ी में कस्बे के मोहल्ला किला में नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए विद्युत लाइन बिछाई जा रही थी जिसका कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध करते हुए काम को बीच में ही रुकवा दिया। ऊर्जा निगम अब प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के सहयोग से इस कार्य को जल्द पूरा कराने की तैयारी में है। ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी ने बताया कि गर्मी और उपभोक्ता मांग के कारण बिजली का लोड लगातार बढ़ रहा है। ओवरलोड होने की वजह से क्षेत्र में कई ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं और अत्यधिक लोड के कारण अक्सर विद्युत तारों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए निगम की ओर से मंगलोर में ट्रांसफार्मर की संख्या बढ़ाई जा रही है ताकि मौजूदा ट्रांसफार्मरों पर से अतिरिक्त लोड को कम किया जा सके। एसडीओ अनुभव सैनी के अनुसार मोहल्ला किला में ट्रांसफार्मर तक विद्युत लाइन पहुंचाने के लिए अधिकांश पोल पर लाइन बिछाई जा चुकी है लेकिन अंतिम तीन या चार पोल पर लाइन डालते समय शुक्रवार की शाम को कुछ लोगों ने विरोध करते हुए विद्युत लाइन का कार्य रुकवा दिया है। उन्होंने कहा कि जनहित के इस कार्य को रोकने नहीं दिया जाएगा। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के समन्वय के साथ जल्द ही शेष पोल पर भी लाइन डालने का काम पूरा कर लोगों को राहत देने का काम किया जाएगा।
