रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। मुंडलाना गांव में दूध निकालने आए एक युवक पर कुछ दबंगों ने फावड़े से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए गृहस्वामी को भी आरोपियों ने घर में घुसकर तमंचे से फायरिंग करते हुए लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। घायल की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मुंडलाना निवासी मय्यूर ने कोतवाली मंगलौर में तहरीर देकर बताया कि 6 जून की सुबह करीब 7:13 बजे उनका दूधिया शुऐब घर पर दूध निकालने आया था। इसी दौरान गांव का ही परवेज हाथ में फावड़ा लेकर आया और गाली-गलौज करते हुए शुऐब पर हमला कर दिया। शोर सुनकर आए ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि कुछ ही देर बाद परवेज हाथ में रिवाल्वर लेकर और उसके साथी छोटा, भूरा, फरमान लाठी-डंडे व लोहे की रॉड तथा काला लोहे की बारी लेकर उसके घर में घुस आए। घर में घुसते ही परवेज ने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। जब वादी के पिता अकरम ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों और रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर जब ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हुए, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में घायलों को सरकारी अस्पताल मंगलौर पहुंचाया, जहां अकरम की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। पीड़ित मय्यूर ने बताया कि घायल पिता के इलाज में व्यस्त होने के कारण वह तुरंत पुलिस में शिकायत नहीं कर सका था। मंगलौर कोतवाली पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
