रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बन्हेड़ा टांडा में एक विवाहिता के घर में घुसकर उसके पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों द्वारा मारपीट करने और जबरन तलाक के कागजात पर अंगूठा लगवाने का आरोंप है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र केग्राम बन्हेड़ा टांडा निवासी नसीम की पुत्री नौरीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2021 में निसार निवासी ग्राम सफरपुर (थाना गंगनहर रुड़की के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति उसे प्रताड़ित करने लगा और मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पिछले एक साल से पीड़िता अपने मायके में रह रही है और दोनों का परिवाद न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय में केस चलने के कारण पति व उसके परिजन रंजिश रखते हैं। पीड़िता के अनुसार 27 मई को उसके परिवार के लोग किसी शोक सभा में शामिल होने बाहर गए थे और वह घर पर अकेली थी। दोपहर करीब 12:30 बजे उसका पति निसार, जेठ इसरार, जेठानी शाहजहां और निसार की दूसरी पत्नी इमराना जबरन उसके घर में घुस आए। आरोप है कि उक्त लोगों ने पीड़िता के सामने तलाक के कागजात रखकर जबरन अंगूठा लगाने का दबाव बनाया। इंकार करने पर आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटा और बाल पकड़कर घसीटा जिससे उसे काफी चोटें आईं। आरोप है कि इसरार ने पीड़िता को धक्का देकर जान से मारने की नियत से हमला कर दिया। पीड़िता के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को इकट्ठा होता देख आरोपी पीड़िता को दोबारा सामने आने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।मंगलौर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
