रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर शनिवार की रात कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के अंतर्गत बिझोली गांव के समीप एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल और बस में आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बुलेट सवार एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। सभी घायल मूल रूप सेउत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले हैं, जो हरिद्वार से नोएडा की ओर वापस लौट रहे थे।
शनिवार देर रात हरिद्वार दिल्ली हाईवे पर बिझोली गांव के पास यह हादसा उस वक्त हुआ जब हरिद्वार की ओर से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल की भिड़ंत सामने से आ रही बस से हो गई। टक्कर लगते ही हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली मंगलौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा । पुलिस ने राहगीरों की मदद से लहूलुहान हालत में पड़े एक महिला समेत तीनों घायलों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का उपचार शुरू किया लेकिन एक युवक आयुष (26 वर्ष) निवासी करेली, प्रयागराज की हालत नाजुक देखते हुए फायर सेंटर रेफर कर दिया गया है जबकि दीपिका सिंह (27 वर्ष) निवासी मनोरी जनका रोड, थाना पूरा मुक्ति प्रयागराज, साहिल (27 वर्ष) निवासी करेली, प्रयागराज को उपचार दिया जा रहा है पुलिस के अनुसार सभी घायल वर्तमान में नोएडा में रहकर कंपनी में कार्यरत है वरिष्ठ उप निरीक्षक सुखपाल सिंह मान ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर आने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
