रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। उत्तराखंड में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला मंगलौर थाना क्षेत्र का है जहां एक युवक को ऑनलाइन डरा-धमकाकर और चोट पहुंचाने का भय दिखाकर शातिरों ने एक लाख रुपये से अधिक की रकम ठग ली। पीड़ित की ई-एफआईआर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलौर के मोहल्ला किला निवासी शकील अहमद ने पुलिस को दी ऑनलाइन शिकायत में बताया कि वह बीते दिनों एक शातिर ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि अज्ञात ठगों ने उन्हें ऑनलाइन माध्यम से डराया-धमकाकर और चोट पहुंचाने का भय दिखाकर जाल में फंसाया। इसके बाद शातिरों ने धोखे से उनके बैंक खाते से एक लाख छह हजार रुपये की राशि अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवा ली। धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़ित शकील अहमद ने तुरंत मामले की शिकायत उत्तराखंड पुलिस के ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कराई। पीड़ित ने पुलिस से अपनी डूबी हुई रकम वापस दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि पीड़ित की ई-एफआईआर के आधार मुकदमा दर्ज करते हुए साइबर सेल को सूचित कर दिया गया है। जिस बैंक खाते में रकम ट्रांसफर हुई है उसकी डिटेल खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर लिया जाएगा.
——–
मंगलौर। मंगलौर पुलिस क्षेत्र अधिकारी अभिनय चौधरी ने सभी को सचेत करते हुए कहा कि अगर आपके साथ भी कोई ऐसी ऑनलाइन धोखाधड़ी या डिजिटल अरेस्ट जैसी धमकी की घटना होती है तो डरकर किसी को भी पैसे ट्रांसफर न करें। तुरंत केंद्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। घटना के तुरंत बाद www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते पैसे फ्रीज किए जा सकें।
