रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर घर ले जाकर दुष्कर्म कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक युवक और युवती ने साजिश के तहत नाबालिग को अपने घर बुलाया जहां युवक के दोस्त ने उसके साथ मर्यादा तार-तार की। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी पुलिस एक व्यक्ति ने बताया कि 15 जून को वह और परिवार के अन्य सदस्य काम से बाहर गए हुए थे। घर पर उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव की ही एक युवती खुशी उनके घर पहुंची और नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ गांव के ही आर्यन नामक युवक के घर ले गई। आरोप है कि आर्यन ने पहले से ही अपने घर पर एक अज्ञात दोस्त को बुला रखा था। जैसे ही नाबालिग वहां पहुंची आर्यन के दोस्त ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आर्यन ने अपने दोस्त को मौके से भगा दिया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर पीड़िता अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद पीड़िता के पिता ने मंगलौर कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि तहरीर मिलने के तुरंत बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश कर रही है।
