रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। रुड़की-लक्सर मार्ग पर लण्ढौरा के पास एक कॉलोनी के कार्यालय पर दो अज्ञात बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने वहां तैनात चौकीदार के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में चौकीदार के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने एक व्यक्ति पर रंजिशन हमला कराने और जमीन कब्जाने की नीयत का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
उत्तर प्रदेश के शामली हाल निवासी आकाशदीप रुड़की लोकेन्द्र वर्मा की रुड़की-लक्सर मार्ग पर लण्ढौरा मे जमीन है जिसमें वह कॉलोनी विकसित करने का काम कर रहे हैं। सड़क किनारे उनका दो मंजिला कार्यालय बना हुआ है। छह जून की रात करीब 9:30 बजे कार्यालय पर दो अज्ञात युवक पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने वहां तैनात चौकीदार ऋषिपाल शर्मा निवासी नगला इमरती के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब एक बदमाश सीढ़ियों से ऊपर चढ़ने लगा तो चौकीदार ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस पर बदमाशों ने लाठी-डंडों से चौकीदार पर हमला बोल दिया। चौकीदार ने भी आत्मरक्षा में डंडा घुमाया लेकिन बदमाशों ने उसे बुरी तरह पीटकर लहुलूहान कर दिया। हमलावरों ने चौकीदार को वहां से भाग जाने को कहा और दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी दी। चौकीदार के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई है कोतवाली मंगलौर पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित लोकेन्द्र वर्मा ने बताया कि उनका शाजिद अली निवासी थिथौला के साथ लेनदेन का पुराना विवाद चल रहा है। पहले भी देख लेने की धमकी दे चुका है। पीड़ित का दावा है कि शाजिद अली की नीयत उनकी कीमती जमीन पर खराब है और वह अवैध कब्जा करना चाहता है।इसी वजह से उसने डर का माहौल बनाने के लिए चौकीदार पर यह हमला करवाया है ताकि वे वहां से भाग जाएं। प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
