रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। भीषण गर्मी के बीच बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ विद्युत विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विद्युत वितरण उपखण्ड मंगलौर के अंतर्गत लगातार मिल रही बिजली चोरी की शिकायतों पर शनिवार को विभाग की टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में लोग कटिया हटाते नजर आए। इस दौरान ऊर्जा निगम की टीम ने मौके से 20 उपभोक्ताओं को सीधे तार डालकर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। इन सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है शनिवार को उपखण्ड अधिकारी अनुभव सैनी और अवर अभियंता आशीष के नेतृत्व में लाइन स्टाफ ने कस्बा मंगलौर के अंतर्गत मोहल्ला लालबाड़ा, मानक चौक और चुंगी नंबर 5 में अचानक छापेमारी की। इस दौरान सामने आया कि इतनी भीषण गर्मी में भी लोग सीधे मेन लाइन से कटिया डालकर बेखौफ होकर एसी और हीटर जैसे भारी लोड वाले उपकरण चला रहे थे। विजिलेंस और विभागीय टीम को देखते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग छतों व खंभों से केबल खींचते नजर आए। उपखण्ड अधिकारी अनुभव सैनी का कहना है कि बिजली चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पकड़े गए 20 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि भविष्य में भी मंगलौर उपखण्ड की टीम द्वारा संयुक्त रूप से ऐसा सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जाएगा ताकि ईमानदारी से बिल भरने वाले उपभोक्ताओं को परेशानी न हो। अधिकारियों ने क्षेत्र के उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान में भीषण गर्मी के कारण बिजली का लोड अत्यधिक बढ़ गया हैजिससे विद्युत ट्रांसफार्मर और लाइनों पर भारी दबाव है। विभाग 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। गर्मी में बिजली का उपयोग आवश्यकतानुसार और सावधानी से करें। अपने घरों में उपयोग होने वाले भारी विद्युत उपकरणों को एक साथ न चलाएं। शाम के समय में बिजली का सीमित और बेहद जरूरी उपयोग ही करें ताकि ग्रिड पर लोड कम रहे। अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं के सकारात्मक सहयोग से ही क्षेत्र में सुचारू और बेहतर विद्युत व्यवस्था बनाए रखी जा सकती है।
