रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: कोतवाली पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से पशु कटान करने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। जबकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने मौके से करीब 40किलोग्राम भैंस वंशीय मांस और कटान में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मंगलौर कस्बा चौकी प्रभारी नितिन बिष्ट को मंगलवार की सुबह सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से पशु कटान किया जा रहा है सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान बीज गोदाम रोड पर स्थित एक मकान पर अचानक छापेमारी की। पुलिस को देखकर मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया जबकि उसका दूसरा साथी चकमा देकर भाग निकला। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम बबलू निवासी बीज गोदाम रोड मंगलौर बताया है। मौके से फरार हुए उसके साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने मौके से बरामद 40 किलो मांस को कब्जे में लेकर जांच के बाद उसको निस्तारित कर दिया गया है।
