रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
बेहट। मेहनत, समर्पण और मजबूत इरादों के सामने कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। इसे सच साबित कर दिखाया है तहसील बेहट के गाँव पिठौरी की बेटी साहिबा खान ने। साहिबा ने बिहार लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा में 35वीं रैंक हासिल कर उप जिलाधिकारी के पद पर अपना चयन सुनिश्चित किया है। उनकी इस कामयाबी से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। साहिबा खान भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त खालिद अली खान की पुत्री हैं। साहिबा की सफलता के पीछे उनके पारिवारिक संस्कारों, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण का बड़ा हाथ रहा है। वह 2023 बैच के आईपीएस अधिकारी ताबिश हसन की धर्मपत्नी हैं। परिवार के निरंतर सहयोग और साहिबा के दृढ़ संकल्प ने उन्हें यह गौरवशाली मुकाम दिलाया है। साहिबा के एसडीएम बनने की खबर मिलते ही पिठौरी गाँव में बधाई देने वालों का तांता लग गया। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि साहिबा की यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा की एक नई मिसाल बनी है। ग्रामीणों ने कहा कि साहिबा बचपन से ही बेहद मेधावी, अनुशासित और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं। साहिबा की सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदारी से किए जाएं, तो सफलता अवश्य मिलती है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनके परिवार के सदस्यों, मित्रों और पूरे क्षेत्रवासियों ने साहिबा को शुभकामनाएं दी हैं। सभी का मानना है कि प्रशासनिक सेवा में रहते हुए साहिबा पूरी निष्ठा के साथ समाज और देश की सेवा करेंगी।
