रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि उसका एक साथी फरार है। पुलिस ने मौके से तीन जीवित गोवंश और तस्करी में प्रयुक्त एक बोलेरो पिकअप गाड़ी भी बरामद की है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र की गुरुकुल नारसन पुलिस चौकी क्षेत्र की सुबह नारसन आरटीओ चेक पोस्ट पर परिवहन सहायक निरीक्षक प्रदीप सैनी ने एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रुकवाने का प्रयास किया। परन्तु चालक गाड़ी को भगा ले गया जिसे घेराबंदी कर नारसन खुर्द कट पर दबोच लिया गया। वाहन को तिरपाल से ढका गया था और उसमें बिना चारा-पानी के तीन गोवंश क्रूरतापूर्वक लदे हुए थे। परिवहन टीम वाहन और चालक को लेकर नारसन पुलिस चौकी पहुंची।
चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद मेहरा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम मुंतजीर निवासी ग्राम बढेड़ी राजपुताना थाना बहादराबाद हरिद्वार बताया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह यह गोवंश शकील निवासी ग्राम बेलडा रुड़की के कहने पर धबेड़ी मंडी से चोरी-छिपे लेकर आ रहा था। मामले में मुंतजीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है जबकि फरार आरोपी शकील की तलाश जारी है।
