रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए सामाजिक सरोकारों के तहत नर सेवा नारायण सेवा की भावना के साथ एपिस इंडिया लिमिटेड द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। कंपनी की ओर से हाईवे पर एक विशाल छबील का आयोजन किया गया। जहां से गुजरने वाले राहगीरों को शीतल व मीठा शरबत पिलाकर राहत पहुंचाई गई।

तपती धूप और उमस से वाहन चालकों और राह चलते मजदूरों ने छबील पर रुककर शरबत पिया। ठंडे शरबत की घूंट पीकर लोगों ने चिलचिलाती गर्मी में खासी राहत महसूस की और इस पुनीत कार्य के लिए आयोजकों का आभार जताया। दोपहर के समय जब तापमान अपने चरम पर था तब हाईवे से गुजरने वाले लोग प्यास से बेहाल नजर आए। ऐसे में इस छबील ने राहगीरों के लिए संजीवनी का काम किया। राहगीरों का कहना था कि इस भीषण गर्मी में राह चलते ठंडा पानी या शरबत मिल जाना किसी वरदान से कम नहीं है। एपिस इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधियों प्रवीण कुमार शर्मा अंजू त्यागी ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों की सुविधा के लिए इस छबील का आयोजन किया गया था। उनका उद्देश्य केवल लोगों की प्यास बुझाना और उन्हें इस मौसम में थोड़ी राहत प्रदान करना था। राहगीरों ने कंपनी की इस सेवा भावना की जमकर सराहना की है इस अवसर पर अंजू त्यागी, प्रवीण कुमार शर्मा, राहुल दत्त शर्मा, जसपाल सिंह, निश्चल भारद्वाज, आमिर खान, सुनील कुमार, मोहम्मद अली, सोहराब आदि मौजूद रहे।
