रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर में बिजली चोरों पर कसा शिकंजा, सीधे कटिया डालकर चला रहे थे AC 20 के खिलाफ दर्ज होगा मुकदमा
भीषण गर्मी में सीधे लाइन से कटिया डालकर चलाया जा रहा था AC और हीटर
विजिलेंस और उपखंड की संयुक्त टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप लोगों ने आनन-फानन में खींचे केबल
मंगलौर। भीषण गर्मी के बीच बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। बुधवार को विद्युत वितरण उपखंड मंगलौर और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाकर बिजली चोरों के खिलाफ शिकंजा कसा। इस दौरान कटिया डालकर धड़ल्ले से AC और हीटर चलाते हुए 20 लोग पकड़े गए। जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

विद्युत वितरण उपखंड मंगलौर को लगातार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए विजिलेंस और स्थानीय उपखंड की टीम ने एक संयुक्त रणनीति तैयार की। बुधवार को टीम ने कस्बा मंगलौर के अंतर्गत सीमलोनी, खोखरा कुआ , गाढ़ा कॉलोनी और पठानपूरा मे अचानक छापेमारी की। इस भीषण गर्मी में लोग सीधे मुख्य लाइन पर डायरेक्ट कटिया डालकर AC चला रहे थे और हीटर पर खाना बना रहे थे। विजिलेंस की टीम को अचानक सामने देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग आनन-फानन में छतों और खंभों से अपनी अवैध केबल खींचते नजर आए। चेकिंग के दौरान टीम ने रंगे हाथों 20 जगहों पर बिजली चोरी पकड़ी। बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए सभी 20 आरोपियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। भविष्य में भी यह संयुक्त चेकिंग अभियान इसी तरह लगातार जारी रहेगा। विद्युत चोरी पकड़ने वाले इस विशेष चेकिंग अभियान में मुख्य रूप से उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी, अवर अभियंता आशीष कुमार ,अवर अभियंता विकास कुमार, सहायक अभियंता धनंजय सिंह व विकास कुमार, अवर अभियंता अनिता काला, सपना, इंस्पेक्टर विजिलेंस मारुत शाह, सरिता शाह और सब-इंस्पेक्टर विजिलेंस संजीव त्यागी आदि मौजूद रहे।
