रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की कोबहला-फुसलाकर घर बुलाकर दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित किशोरी के पिता की तहरीर पर दर्ज हुए मुकदमे के बाद पुलिस कार्रवाई और दबाव के चलते मुख्य आरोपी शिबू उर्फ शिवकुमार खुद कोतवाली पहुंच गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है जबकि घटना में शामिल उसके दोस्त आर्यन और साजिशकर्ता युवती की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी थी तहरीर में बताया गया था कि 15 जून को वह और परिवार के अन्य सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। घर पर उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव की ही एक युवती खुशी उनके घर पहुंची और नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ गांव के ही आर्यन नामक युवक के घर ले गई।
आरोप है कि आर्यन ने पहले से ही अपने घर पर अपने दोस्त शिबू उर्फ शिवकुमार को बुला रखा था। जैसे ही नाबालिग वहां पहुंची शिबू पूर्व शिवकुमार ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आर्यन ने शिबू उर्फ शिवकुमार को मौके से भगा दिया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर पीड़िता अपने घर पहुंची थी और परिजनों को आपबीती सुनाई। पीड़िता के पिता ने इस मामले को लेकर मंगलौर कोतवाली में तहरीर दी थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थीं। पुलिस के बढ़ते शिकंजे को देखकर मुख्य आरोपी शिबू उर्फ शिवकुमार निवासी ग्राम नाथू खेड़ी खुद गुरुवार की रात कोतवाली पहुंच गया है जिसे गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले के सह-आरोपी आर्यन और युवती खुशी की गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है उन्हें भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
