रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। अपराध करने के बाद न्यायालय की तारीखों से लगातार गायब चल रहे अपराधियों के खिलाफ कोतवाली मंगलौर पुलिस ने एक बड़ा अभियान छेड़ा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर गैर जमानती वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने शनिवार तड़के एक साथ कई ठिकानों पर दबिश देकर बिजली चोरी के मामलों में फरार चल रहे 5 वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी बिजली अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में कोर्ट में पेश नहीं हो रहे थे। न्यायालय द्वारा वारंट जारी होने के बाद से ही ये सभी आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल-बदल कर पुलिस को चकमा दे रहे थे। पुलिस पूर्व में भी इनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे चुकी थी लेकिन ये हाथ नहीं आ रहे थे।शनिवार को तड़के मंगलौर पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया। इन टीमों ने वारंटियों के छिपने के नए संभावित ठिकानों पर एक साथ घेराबंदी की और पाँचों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस की गिरफ्त में आए शराफत निवासी मौ. बन्दरटोल कस्बा मंगलौर, सुलहर निवासी ग्राम घोसीपुरा, सुशील, राजेन्द्र निवासी ग्राम नाथूखेड़ी, विकास कुमार निवासी ग्राम नगला चीना कोतवाली मंगलौर को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दिया है।
