रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। क्षेत्र के ग्राम उदालहेड़ी निवासी एक युवती ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए अमानवीय यातनाएं देने और अप्राकृतिक कृत्य करने का आरोप लगाया है।पुलिस और महिला हेल्पलाइन से कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। मंगलौर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उदहालेड़ी निवासी युवती ने बताया कि उसकी शादी 26 अक्टूबर 2025 को पेपर मील रोड, सहारनपुर निवासी राहुल कुमार के साथ हुई थी। परिजनों ने शादी में 15 लाख रुपये और भारी मात्रा में सामान दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही पति राहुल, सास अनीता, ससुर राजवीर और देवर गोकुल बुलेट मोटरसाइकिल व एक लाख रुपये नकदी की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति मानसिक रूप से विकृत है। उसने पीड़िता के साथ लगातार अप्राकृतिक कृत्य किया और विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट की। हद तो तब पार हो गई जब आरोपी पति ने पीड़िता को जलती हुई सिगरेट से दाग दिया। यह आरोपी की दूसरी शादी है और पहली पत्नी को भी वह इसी तरह प्रताड़ित कर चुका है। पीड़िता के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने उसके मायके वालों को भी जान से मारने की धमकी दी। मंगलौर पुलिस और महिला हेल्पलाइन द्वारा महीनों तक कोई कार्रवाई न किए जाने से हताश होकर पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई। मंगलौर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
