रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बुड्ढपुर जट में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। शोर मचने पर चोर मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गुरुकुल नारसन पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम बुड्ढपुर जट निवासी दीपक कुमार का परिवार किसी काम से बाहर गया हुआ था और घर पर कोई नहीं था। इसी का फायदा उठाकर बीते 24 जून की रात करीब 12 बजे अज्ञात चोर मकान के पीछे की दीवार फांदकर भीतर दाखिल हो गए। चोरों ने घर में रखे कीमती सोने-चांदी के आभूषण और अलमारी में रखी 35 हजार रुपये की नगदी समेट ली। चोरी के दौरान आहट होने पर आस-पास के पड़ोसियों की आंख खुल गई। पड़ोसियों ने जब शोर मचाया तो हड़कंप मच गया। शोर सुनकर पीड़ित का चचेरा भाई भी मौके पर दौड़कर आया लेकिन तब तक चोर कीमती सामान समेटकर रफूचक्कर हो चुके थे। इसके बाद चचेरे भाई ने तुरंत फोन पर पीड़ित को वारदात की सूचना दी। जिसके बाद अगले दिन पीड़ित परिवार वापस घर लौटा। पीड़ित दीपक कुमार ने इस संबंध में कोतवाली मंगलौर पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
