रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। क्षेत्र के ग्राम हरचन्दपुर से एक 37 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक बीते 30 जून को अपने घर से हरिद्वार जाने की बात कहकर निकला था लेकिन तब से वापस नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पीड़ित मां ने कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम हरचन्दपुर निवासी सुदेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 37 वर्षीय पुत्र अरविन्द कुमार गत 30 जून 2026 को घर से हरिद्वार जाने के लिए निकला था। देर रात तक जब वह घर वापस नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। रिश्तेदारों और सभी संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन करने के बाद भी अरविन्द का कहीं कोई पता नहीं चल सका। थक-हारकर परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने युवक की गुमशुदगी दर्ज कर ली है।
