रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मुण्डलाना में पड़ोसी युवकों द्वारा एक किसान के साथ गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलौर कोतवाली के ग्राम मुण्डलाना निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सुबह करीब 8:30 बजे अपने खेत पर काम के लिए गया हुआ था। पीड़ित के अनुसार उनके पड़ोसी मोफिक के पुत्र शमीम और हसीन के खेतों में पिछले करीब 6 महीनों से अवैध खनन का कार्य चल रहा है।
वारदात के समय सुनील कुमार की बात ईंट-भट्टे के एक ठेकेदार से हो रही थी। इसी दौरान आरोपी शमीम ने ठेकेदार के हाथ से जबरन फोन छीन लिया और सुनील को फोन पर ही मां-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं। विवाद इतने पर ही नहीं थमा। गाली-गलौज करने के बाद शमीम और उसका भाई हसीन दोनों हाथों में धारदार हथियार लेकर सीधे उस के खेत में घुस आए। आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे काफी चोटें आईं चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणो ने उस की जान बचाई। पीड़ित का आरोप है कि ग्रामीणों को आता देख दोनों भाई मौके से भाग निकले लेकिन जाते-जाते उन्होंने पीड़ित को धमकी दी है। पीड़ित किसान ने कोतवाली मंगलौर पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
