रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। मोहल्ला इस्लामनगर में भूसे में पानी डालने का विरोध करने पर दबंगों ने एक परिवार पर पथराव कर दिया। इसके बाद आरोपी लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से लैस होकर घर में घुस गए और मां-बेटों के साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में एक युवक का कान कट गया जिसे वह गंभीर हालत में रुड़की अस्पताल रेफर किया गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलोर के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी फरमान पुत्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 14 जून की दोपहर करीब 3:30 बजे पड़ोसी शाहनवाज ने उनके भूसे में पानी छोड़ दिया जिससे उनका काफी नुकसान हो गया जब फरमान ने इस बात की शिकायत शाहनवाज से की तो आरोपी और उसके परिजन आगबबूला हो गए। आरोपियों ने तुरंत अपनी छत पर चढ़कर फरमान के घर पर पथराव शुरू कर दिया। पीड़ित परिवार ने बमुश्किल कमरों में छिपकर अपनी जान बचाई। इसके कुछ ही देर बाद आरोपी शाहनवाज, शहजाद, अहसान और मलकपुरा निवासी अतीक एक राय होकर लाठी-डंडे, लोहे की रॉड व धारदार हथियार लेकर गाली-गलौज करते हुए उसके घर में घुस आए। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने आते ही उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। शाहनवाज ने लोहे की रॉड से फरमान के सिर पर वार करने का प्रयास किया। रॉड सिर को छूती हुई कान पर लगी जिससे उसका कान दो जगह से बुरी तरह कट गया। बीच-बचाव करने आई फरमान की मां के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता की। उनके साथ मारपीट कर उनका दुपट्टा फेंक दिया और कपड़े फाड़ दिए। इस दौरान फरमान के छोटे भाई सुहैल को भी बेरहमी से पीटा गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
