रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। पारिवारिक विवाद और पुलिस में शिकायत करने से बौखलाए तीन सगे भाइयों ने एक राय होकर अपने भाई के सालों पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर ऋषिकेश एम्स और फिर देहरादून रेफर किया गया है। पीड़ित पति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।ग्राम मुडलाना निवासी अलीम हुसैन ने बताया कि उसकी शादी बीते वर्ष 30 अक्टूबर 2025 को ग्राम सालियर साल्हापुर थाना गंगनहर निवासी सोनम के साथ हुई थी। आरोप है कि गत 17 जून 2026 को अलीम के भाई तसलीम ने किसी बात पर कहासुनी होने के बाद सोनम के साथ बेरहमी से मारपीट की। सोनम का मंगलौर के सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया गया और अलीम ने भाई तसलीम के खिलाफ मंगलौर थाने में शिकायत दर्ज करा दी। घर में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अगले दिन 18 जून की रात करीब 8 बजे सोनम के भाई सोनू और सावेज अपनी बहन को लेने के लिए मुडलाना आए थे। आरोप है कि उन्हें देखते ही अलीम के तीन भाई कलीम, तसलीम और सालिम आग बबूला हो गए। तीनों ने गाली-गलौज करते हुए पुलिस में शिकायत का मजा चखाने की बात कहकर सोनू और सावेज पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट के दौरान सोनम ने पुलिस को सूचना दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए, जिन्होंने दोनों भाइयों की जान बचाई इस खूनी संघर्ष में सोनू और सावेज के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। सोनू का इलाज मंगलौर अस्पताल में कराया गया जबकि सावेज की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रुड़की और फिर दून अस्पताल देहरादून रेफर कर दिया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण सीटी स्कैन के बाद सावेज को एम्स ऋषिकेश और फिर वहां से देहरादून रेफर किया गया जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी भाई अब भी उसे और उसकी पत्नी सोनम को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं जिससे उनका परिवार खौफ में है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
