रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। क्षेत्र अंतर्गत उजाला फैक्ट्री के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने बुलेट मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया था। वहां उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया जबकि उसके चाचा की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के ग्राम करनपुर निवासी तकसीर अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 29 जून को उनका भाई अतीक अहमद अपने भतीजे सरफराज अहमद के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से रामपुर से रुड़की की तरफ आ रहा था। जैसे ही दोनों मंगलौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत उजाला फैक्ट्री के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बुलेट को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी किमोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अतीक अहमद व सरफराज दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत रुड़की के एक अस्पताल ले जाया गया लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें ऋषिकेश एम्स के लिए रेफर कर दिया। एम्स में इलाज के दौरान 30 जून की रात को सरफराज ने दम तोड़ दिया जबकि अतीक अहमद का उपचार अभी भी जारी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पिकअप चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
