रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: झबरेड़ा-मंगलौर मार्ग पर एक अनियंत्रित ट्रक ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक और उसमें सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गदरजुड्डा निवासी हिमांशु ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते 25 जुलाई को शाम करीब 8 बजे उनकी माता सरोज ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं। जैसे ही ई-रिक्शा झबरेड़ा-मंगलौर मार्ग पर पहुंची पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें ई-रिक्शा चालक मुकेश निवासी थीथकी कवादपुर और उसकी माता सरोज गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई जिसका फायदा उठाकर ट्रक चालक मौके से भाग निकला। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए पास के कपूर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक हादसे में महिला के पैर की हड्डी दो जगह से टूट गई है। वहीं ई-रिक्शा चालक मुकेश की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ट्रक के अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
