रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: मोहल्ला किला में संपत्ति बटवारे को लेकर एक दिव्यांग व्यक्ति के साथ गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला किला निवासी एक हाथ और एक पैर से फालिस ग्रस्त शमसुल आरफिन ने पुलिस चौकी मंगलौर में तहरीर देकर बताया है कि उनके परिवार में सभी आठ भाइयों का जमीन का बटवारा बराबर हिस्सेदारी में हो चुका है।पीड़ित के मुताबिक बीते दिनों मोहल्ले के लोगों ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि उनके हिस्से वाले प्लाट पर उनके भाई शमसुज्जमा निर्माण कार्य करवा रहा हैं। जब वे मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रोकने का प्रयास किया तो आरोपी शमसुज्जमा, रफीक, फरजाना, शायरा बानो तथा इलमा ने एकराय होकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उन्हें दोबारा प्लाट पर आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
